धान परिवहन में देरी से बढ़ी खरीदी केंद्र प्रभारियों की मुसीबत।

बालाघाट। जिले के मोहगांव खुर्द स्थित धान खरीदी केंद्र में धान परिवहन नहीं होने से गंभीर स्थिति बनती जा रही है। केंद्र परिसर में खुले आसमान के नीचे करीब 12 हजार बोरी धान पड़ी हुई है। बारिश की संभावना के चलते धान बोरियों के खराब होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे खरीदी केंद्र प्रभारी और कर्मचारी भारी तनाव में हैं।
धान का समय पर परिवहन नहीं होने का सीधा असर किसानों पर भी पड़ रहा है। धान उठाव नहीं होने के कारण किसानों के खातों में भुगतान की राशि नहीं पहुंच पा रही है, जिससे उनमें भी नाराजगी देखी जा रही है।
स्थिति और चिंताजनक इसलिए है क्योंकि धान में शॉर्टेज होने की स्थिति में खरीदी केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी कर दिया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि कम वेतन पाने वाला कर्मचारी आखिर शॉर्टेज की दोहरी मार कैसे झेलेगा, जबकि समस्या परिवहन व्यवस्था की है।
स्थानीय स्तर पर कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। खुले में रखे धान के खराब होने का खतरा दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है, जिसका खामियाजा निर्दोष कर्मचारियों और किसानों को भुगतना पड़ सकता है।
अब जिले के जिम्मेदार अधिकारियों और जिला कलेक्टर से मांग की जा रही है कि वे इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान दें, ताकि धान का शीघ्र परिवहन हो सके और संभावित नुकसान से बचा जा सके।




