Home » देश » थाना प्रभारी पर अवैध वसूली व झूठे प्रकरण में फँसाने की धमकी का आरोप।

थाना प्रभारी पर अवैध वसूली व झूठे प्रकरण में फँसाने की धमकी का आरोप।

Share:

थाना प्रभारी पर अवैध वसूली व झूठे प्रकरण में फँसाने की धमकी का आरोप।

कटनी – बहोरीबंद थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया पर एक ग्रामीण युवक ने अवैध वसूली, अभद्र व्यवहार एवं झूठे मुकदमे में फँसाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कटनी, पुलिस महानिदेशक भोपाल एवं गृहमंत्री मध्यप्रदेश शासन को लिखित शिकायत सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायतकर्ता विनय पटेल पिता गोविंद पटेल (उम्र लगभग 38 वर्ष), निवासी ग्राम पटना थाना बहोरीबंद का आरोप है कि दिनांक 5 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 से 8 बजे वह अपने चालक के साथ इलाज कराने शासकीय अस्पताल बहोरीबंद जा रहा था। इसी दौरान स्लीमनाबाद चौराहा पर थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया अपने स्टाफ के साथ खड़े थे, जिन्होंने बीच रास्ते में उसका वाहन रुकवाया।
पीड़ित के अनुसार थाना प्रभारी द्वारा उससे ₹10,000 की मांग की गई और कहा गया कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो शराब पिलाकर धारा 185 बीएनएस के तहत झूठा प्रकरण दर्ज कर दिया जाएगा। विनय पटेल का कहना है कि पैसे न होने की बात कहने पर थाना प्रभारी ने उसके साथ गाली-गलौज की, सार्वजनिक रूप से अपमानित किया तथा वाहन की चाबी निकालकर गाड़ी को जबरन थाने ले जाया गया।
पीड़ित ने मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 181 पर दिनांक 5 एवं 6 जनवरी 2026 को दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं होने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि शिकायत करने के बाद से उस पर दबाव बनाया जा रहा है कि वह अपनी शिकायत वापस ले ले, अन्यथा उसके खिलाफ और भी झूठे मुकदमे दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा।
विनय पटेल ने बताया कि वह एक शांतिप्रिय ग्रामीण नागरिक है और थाना प्रभारी की कथित प्रताड़ना से वह तथा उसका पूरा परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उसने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

Leave a Comment