ग्राम हिरबाटोला के लिए सौभाग्य का विषय बना जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट — स्मिता टेकाम।

चांगोटोला। ग्राम पंचायत चमरवाही के अंतर्गत ग्राम हिरबाटोला में 15 दिसंबर 2025 से निरंतर आयोजित जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आज भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर फाइनल मुकाबला ग्राम पंचायत अर्नामेटा की टीम एवं ग्राम पंचायत चमरवाही की टीम के मध्य खेला गया, जिसमें ग्राम पंचायत अर्नामेटा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की, जबकि ग्राम पंचायत चमरवाही की टीम उपविजेता रही।

टूर्नामेंट के समापन कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत सदस्य स्मिता टेकाम ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बालाघाट मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर दुरांचल क्षेत्र में इतने भव्य जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल आयोजन ग्राम हिरबाटोला की एकता, सभ्यता और सामूहिक सहयोग को दर्शाता है। ऐसे आयोजन में शामिल होकर उन्हें गर्व की अनुभूति हुई है और भविष्य में भी वे ग्राम के समस्त जनसमुदाय के साथ अन्य आयोजनों के लिए सहयोग व समर्थन देती रहेंगी।
इस सफल क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन में ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती नम्रता चन्द्रशेखर हरिनखेड़े, जनपद सदस्य प्रतिनिधि दीपचंद ठाकरे, सरपंच प्रतिनिधि अर्नामेटा भादूलाल उईके, श्री महेंद्र पटले, श्री ओमप्रकाश टेम्भरे सहित ग्राम के वरिष्ठजन एवं सैकड़ों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन ने क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।




