Home » मध्य प्रदेश » मानपुर विधानसभा की लोकप्रिय विधायिका मीना सिंह ने सुनी जनसमस्याएं, मौके पर कराया निराकरण।

मानपुर विधानसभा की लोकप्रिय विधायिका मीना सिंह ने सुनी जनसमस्याएं, मौके पर कराया निराकरण।

Share:

मानपुर विधानसभा की लोकप्रिय विधायिका मीना सिंह ने सुनी जनसमस्याएं, मौके पर कराया निराकरण।

उमरिया।मानपुर विधानसभा क्षेत्र से आए लोगों ने अपने क्षेत्र की लोकप्रिय विधायिका एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री सुश्री मीना सिंह से उनके निवास स्थान उमरिया में मुलाकात की। इस दौरान विधायिका सुश्री मीना सिंह अपने कक्ष से निकलकर एक कार्यक्रम में जा रही थीं, तभी उन्होंने उपस्थित लोगों से आत्मीयता के साथ हाल-चाल पूछा और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों की बातों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

इसके पश्चात जब वे कार्यक्रम के लिए रवाना हो रही थीं, तभी उप तहसील बरबसपुर क्षेत्र के ग्रामीणों ने रास्ते में उन्हें अपनी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पटवारी एवं आरआई की मिलीभगत से किसानों की पुश्तैनी पट्टा आरजी भूमि को इधर-उधर कर दलालों के माध्यम से बाहरी लोगों—विशेषकर दिल्ली-मुंबई की पार्टियों—को आदिवासियों के नाम पर बेचा जा रहा है।

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायिका सुश्री मीना सिंह तत्काल उप तहसील पहुंचीं और तहसीलदार, पटवारी व आरआई को ग्रामीणों की उपस्थिति में स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों के साथ हो रहे इस तरह के खेल पर तुरंत रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी इसमें दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और बाहरी पार्टियों को दलालों के माध्यम से की जा रही अवैध बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगे।

इसके बाद विधायिका ग्राम पंचायत बड़वार में आयोजित बाउंड्री वॉल के लोकार्पण कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं। इस अवसर पर ग्रामीणों ने सभी समाज व धर्म के लोगों के साथ मिलकर बैंड-बाजे, गाजे-बाजे, कलश एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में मानपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता सिंह, जनपद सदस्य हरि सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विधायिका ने पूजा-पाठ व अर्चना के पश्चात मंच पर पहुंचकर दोनों हाथ जोड़कर जनता का अभिवादन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

अपने उद्बोधन में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ममता सिंह ने कहा कि 25 वर्ष पूर्व मानपुर क्षेत्र की स्थिति अत्यंत पिछड़ी हुई थी—सड़कें, विद्यालय, आईटीआई भवन और नगर परिषद जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं। आज विधायिका सुश्री मीना सिंह के सतत प्रयासों से वे कार्य संभव हो पाए हैं, जो 70 वर्षों में नहीं हो सके। वे निरंतर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रही हैं।

विधायिका सुश्री मीना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देंगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा यह भ्रम फैलाया गया था कि लाड़ली बहना योजना बंद हो जाएगी, लेकिन आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रारंभ की गई इस योजना के अंतर्गत बहनों को ₹1200 के स्थान पर ₹1500 मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब यह जनता की सरकार है और जनता के आशीर्वाद से वे क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती रहेंगी।

कार्यक्रम के अंत में विधायिका बच्चों द्वारा खेले जा रहे खेल टूर्नामेंट में भी शामिल हुईं और विजेता व उपविजेता टीमों का उत्साहवर्धन करते हुए पुरस्कार वितरित किए। विजेता टीम में आयुष राय, मोहन यादव, अंकुश यादव एवं उवैस खान शामिल रहे, जबकि उपविजेता टीम में शंकर सिंह, सौरभ एवं तेजभान रहे।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पिपरिया सौखी लाल यादव, मिलन यादव सहित हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे और दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाया।

Leave a Comment