धान सत्यापन में अनियमितता उजागर, व्यापारी के विरुद्ध मंडी एक्ट में प्रकरण दर्ज

आज दिनांक 31 दिसंबर 2025 को ग्राम देवलगांव में धान सत्यापन की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी लांजी एवं उप निरीक्षक कृषि उपज मंडी लांजी द्वारा संयुक्त रूप से की गई। जांच के दौरान गगन ट्रेडर्स नामक अनाज व्यापारी के निवास स्थल पर धान भंडारण का भौतिक सत्यापन किया गया।
मंडी पोर्टल में उपलब्ध जानकारी के अनुसार व्यापारी के पास 293 क्विंटल धान का स्टॉक दर्ज था, जबकि मौके पर किए गए भौतिक सत्यापन में कुल 320 क्विंटल धान पाया गया। इस प्रकार पोर्टल में दर्ज मात्रा एवं वास्तविक भंडारित मात्रा में अंतर पाया गया।
उक्त अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यापारी के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण तैयार किया गया। साथ ही व्यापारी को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उपार्जन अवधि के दौरान बिना अनुमति किसी भी प्रकार से धान का वितरण या विक्रय न किया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धान उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस प्रकार की जांच आगे भी निरंतर जारी रहेगी।




