एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने वालों पर अधिकारी हुए शख्त।

उपखंड अधिकारी ने किया दुकानो का औचक निरीक्षण एक्सपायरी खाद्य सामग्री को किया ज़ब्त*
दैनिक पंचायती राज सूरज सिंह
सिंगरौली जिले अन्तर्गत चितरंगी उपखंड में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत चितरंगी मुख्यालय स्थित बाजार में प्रशासन द्वारा औचक निरीक्षण की कार्यवाही की गई। उपखंड अधिकारी चितरंगी श्री सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में तहसीलदार चितरंगी श्री ऋषि नारायण सिंह एवं थाना प्रभारी चितरंगी द्वारा आजाद किराना स्टोर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकान में विक्रय हेतु रखी गई बिस्किट एवं कुकुरे नमकीन की कई पैकेट्स में एक्सपायरी तिथि समाप्त पाई गई। उक्त सामग्री को तत्काल जब्त करते हुए नियमानुसार नमूना तैयार कर खाद्य सुरक्षा अधिकारी को परीक्षण एवं अग्रिम कार्यवाही हेतु भेजा गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक्सपायरी खाद्य सामग्री का विक्रय खाद्य सुरक्षा अधिनियम का गंभीर उल्लंघन है तथा इससे आमजन के स्वास्थ्य एवं जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। मामले में संबंधित विभाग द्वारा नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि लाभ कमाने की मंशा से जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि खाद्य सामग्री क्रय करते समय उसकी गुणवत्ता एवं एक्सपायरी तिथि अवश्य जांचें तथा किसी भी अनियमितता की सूचना संबंधित विभाग को दें।




