निर्भया पेट्रोलिंग से महिलाओं में बढ़ा सुरक्षा का भरोसा।महिला थाना प्रभारी द्वारा सुरम्य पार्क और अमकुही पहाड़ी मे सख़्त निगरानी।

कटनी – महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कटनी पुलिस ने निर्भया पेट्रोलिंग अभियान के तहत शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन गश्त की। महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर के नेतृत्व में अमकुही पहाड़ी और सुरम्य पार्क क्षेत्र में पुलिस टीम ने सक्रिय रूप से निगरानी करते हुए सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध रूप से घूम रहे असामाजिक तत्वों को मौके पर ही रोककर कड़ी समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन भंग करने अथवा महिलाओं के प्रति असम्मानजनक व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर ने कहा कि निर्भया पेट्रोलिंग का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन द्वारा भविष्य में भी ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग जारी रखी जाएगी।




