बिलहरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी को किया गिरफ्तार।

कटनी – जिले में गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के तहत बिलहरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डहेरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया एवं थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।
घटना का विवरण
दिनांक 9 जनवरी 2026 को फरियादी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने घर के सामने बीड़ी के पत्ते बोरी में भर रहा था, तभी गांव का निवासी कुंवर पटेल वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद आरोपी अपने घर के ऊपर वाले कमरे में गया और जान से मारने की नीयत से पत्थर फेंका, जो चांदनी पटेल के सिर पर जा लगा। गंभीर चोट लगने से चांदनी पटेल के सिर से खून बहने लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
परिजन तत्काल उसे चौकी ले गए, जहां से उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
गिरफ्तारी की कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कुंवर पटेल बड़ागांव मोड़ के पास खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया और विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सउनि दामोदर राव, प्रधान आरक्षक व्यास गुप्ता, भारत विश्वकर्मा, आरक्षक सौरभ जैन, लव उपाध्याय, दिलकेश्वर सिंह, संदीप भलावी, विकास तथा सैनिक धनेंद्र त्रिपाठी का सराहनीय योगदान रहा।




