Home » खेल » औल्याकन्हार में कल से शुरू होगा न्यूट्रिक प्रो व्हॉलीबॉल टूर्नामेंट* _ग्राम गौरव मेले में दिखेगी ग्रामीण संस्कृति की जीवंत झलक_विजय रजक।

औल्याकन्हार में कल से शुरू होगा न्यूट्रिक प्रो व्हॉलीबॉल टूर्नामेंट* _ग्राम गौरव मेले में दिखेगी ग्रामीण संस्कृति की जीवंत झलक_विजय रजक।

Share:

*औल्याकन्हार में कल से शुरू होगा न्यूट्रिक प्रो व्हॉलीबॉल टूर्नामेंट*
_ग्राम गौरव मेले में दिखेगी ग्रामीण संस्कृति की जीवंत झलक_विजय रजक।

लालबर्रा। ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने और खेल संस्कृति को नई दिशा देने के उद्देश्य से ग्राम औल्याकन्हार में औल्याकन्हार फिजिकल क्लब की ओर से न्यूट्रिक प्रो व्हॉलीबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन कल 3 जनवरी से प्रारंभ हो रहा है। यह दो दिवसीय खेल महोत्सव 3 एवं 4 जनवरी 2026 को एपीसी ग्राउंड, औल्याकन्हार (लालबर्रा), जिला बालाघाट में आयोजित किया जाएगा।
टूर्नामेंट के साथ-साथ आयोजित होने वाला ग्राम गौरव मेला ग्रामीण संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन की रंगीन झलक पेश करेगा।

पुरुष व महिला वर्ग में होंगे रोमांचक मुकाबले
टूर्नामेंट का आयोजन पुरुष एवं महिला वर्ग में किया जा रहा है। आयोजक समिति के अनुसार पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार 15,000 रुपये एवं द्वितीय पुरस्कार 10,000 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं महिला वर्ग की विजेता टीम को 7,000 रुपये तथा उपविजेता टीम को 5,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु बेस्ट लिफ्टर, बेस्ट अटैकर एवं बेस्ट ऑलराउंडर जैसे विशेष व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए प्रवेश शुल्क 151 रुपये रखा गया है। प्रतियोगिता को लेकर टीमों में उत्साह चरम पर है और पंजीयन अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

ग्राम गौरव मेला बनेगा आकर्षण का केंद्र
व्हॉलीबॉल टूर्नामेंट के साथ आयोजित ग्राम गौरव मेला (दिवस–रात्रि) इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा। मेले में ग्रामीण संस्कृति, लोकपरंपराओं और सामाजिक जीवन की सुंदर झलक देखने को मिलेगी।
मेले में खान-पान के स्टॉल, ग्रामीण हस्तशिल्प, मनोरंजन के साधन, बच्चों के झूले, खेल-तमाशे सहित कई आकर्षक व्यवस्थाएं की गई हैं। यह मेला न केवल ग्रामवासियों बल्कि आसपास के गांवों से आने वाले दर्शकों के लिए भी खास आकर्षण का केंद्र बनेगा।
आयोजकों के अनुसार मेले का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना और सामाजिक एकता को मजबूत करना है।

तैयारियां पूरी, व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
आयोजन समिति, ग्राम पंचायत एवं क्षेत्रीय सहयोग से टूर्नामेंट और मेले की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। खेल मैदान, दर्शक दीर्घा, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजकों ने खेलप्रेमियों और ग्रामीणजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव को सफल बनाएं।

जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
सम्राट अशोकसिंह सरस्वार, जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि ग्राम औल्याकन्हार में सरपंच एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से औल्याकन्हार फिजिकल क्लब द्वारा एक अत्यंत शानदार व्हॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है, साथ ही ग्राम गौरव मेले की भी शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से गांव के बच्चों और खिलाड़ियों को नई सीख मिलेगी तथा गांव में शुरू हो रही यह नई परंपरा भविष्य में सकारात्मक बदलाव लाएगी और औल्याकन्हार की अलग पहचान बनाएगी। वहीं अनुभा मुंजारे, बालाघाट–लालबर्रा विधायक ने कहा कि ग्राम औल्याकन्हार स्थित औल्याकन्हार फिजिकल क्लब में 3 एवं 4 जनवरी को आयोजित यह व्हॉलीबॉल टूर्नामेंट और ग्राम गौरव मेला क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने जनसामान्य, नागरिक बंधुओं, माताओं एवं बहनों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मेले, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लें, ग्रामीण कलाकारों का उत्साहवर्धन करें और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाएं। अंत में उन्होंने नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखद भविष्य की कामना की।

कल से शुरू हो रहे इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और ग्रामीण खेल व संस्कृति का यह संगम निश्चित ही यादगार साबित होगा।

Leave a Comment